कोरोना को राम राम
हाथ जोड़ कर करो प्रणाम,
कहना केवल सीता राम ।। 0 ।।
नहीं लपक कर गले मिलाना
हाथ सम्भल कर सदा बढ़ाना ।
नहीं लगाया काहे मास्क
करते रहना सबसे आस्क ।
पैरों की भी कसो लगाम
कहना केवल सीता राम ।। 1 ।।
रिक्त न रखो नाक और कान
सबको रखना होगा ध्यान ।
छतीस इंची दूरी बनाओ
नहीं लपक कर हाथ मिलाओ ।
साबुन से भी लेना काम
कहना केवल सीता राम ।। 2 ।।
लगी बिपत की यहाँ झड़ी है
अभी मिलन की नहीं घड़ी है ।
नहीं मिलेंगे छत पर रात
सिर्फ़ फोन पर होगी बात ।
बस दूर दूर से लेना नाम
कहना केवल सीता राम ।। 3 ।।
मम्मी पापा भईया भाभी
सभी ढूंढना मिलकर चाबी ।
जिसने हमको इतना डराया
बंद घरों में किया, सताया ।
भूल न जाना उसका नाम
कहना केवल सीता राम ।। 4 ।।
गली मोहल्ले सूने सूने ,
निकल घरों से स्वेटर बूने
बंद घरों में बॉल और बल्ले
नहीं दिख रहे दोस्त निठल्ले ।।
करते हैं सब घर में काम
कहना केवल सीता राम ।। 5 ।।
रवि शंकर सिंह
'मंथन'